कल असम के बोकाजान और तिताबर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

01 Apr 2026 19:31:53
राहुल गांधी


गुवाहाटी, 01 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी असम में कांग्रेस के चुनाव प्रचार को और तेज करते हुए आगामी 2 अप्रैल (गुरुवार) को एक दिवसीय दौरे पर असम पहुंचेंगे। इस दौरान वह बोकाजान और तिताबर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लाेकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राज्य में चुनाव प्रचार को आगे बढ़ा चुके हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी गुरुवार सुबह विशेष विमान से दिल्ली से रवाना होकर डिमापुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए कार्बी आंगलोंग जिले के बोकाजान जाएंगे, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

बोकाजान की सभा के बाद राहुल गांधी जोरहाट जिले के तिताबर में एक अन्य महत्वपूर्ण जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वह ऊपरी असम के मतदाताओं से संवाद करेंगे। दिनभर के कार्यक्रम के अंत में उनके जोरहाट से विशेष विमान द्वारा दिल्ली लौटने की संभावना है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0