आईपीएल 2026 : दिल्ली ने लखनऊ को 6 विकेट से हराया

01 Apr 2026 23:30:53
युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने खेली मैच विनिंग पारी


- युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने खेली मैच विनिंग पारी, बने प्लेयर ऑफ द मैच

लखनऊ, 01 अप्रैल (हि.स.)। आईपीएल 2026 का 5वां मुकाबला बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को उनके घर पर 6 विकेट से हराया। युवा बल्लेबाज समीर रिजवी को मैच विनिंग पारी खेलने पर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ 18.4 ओवर में 141 रन पर ढेर हो गई। अब्दुल समद ने सबसे ज्यादा 36 रन की पारी खेली। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने 35 रन बनाए लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। दिल्ली की गेंदबाजी में लुंगी एन्गिडी और टी नटराजन सबसे सफल गेंदबाज रहे। एनगिडी और नटराजन ने 3-3 विकेट चटकाए जबकि कुलदीप यादव को 2 सफलताएं मिलीं। कप्तान अक्षर पटेल के खाते में 1 विकेट आया। 142 रन के टारगेट को दिल्ली ने 18वें ओवर में चेज कर लिया।

रन चेज के दौरान दिल्ली की शुरुआत काफी खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने केएल राहुल को आउट कर दिया। इसके बाद नितीश राणा (15), पाथुम निसांका (1) और अक्षर पटेल (0) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। सिर्फ 4.3 ओवर में दिल्ली 26 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी और मैच लखनऊ के पक्ष में नजर आ रहा था। इसी मुश्किल स्थिति में युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने मैच का रुख बदल दिया।

इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट भी 148.93 का रहा। रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स (39*) के साथ पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की शानदार साझेदारी की, जिसमें रिजवी का योगदान सबसे बड़ा रहा। इस साझेदारी के चलते दिल्ली ने 17.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया और जीत के साथ सीजन का आगाज किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा

Powered By Sangraha 9.0