बंगाल की स्थिति चिंताजनक, हिंदुओं काे निडर होकर मतदान करना होगा : मिलिंद परांडे

01 Apr 2026 19:06:53
मिलिंद परांडे


कोलकाता, 01 अप्रैल (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद के अखिल भारतीय संगठन सचिव मिलिंद परांडे ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए हिंदू मतदाताओं से बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

एक संगठनात्मक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के अपने दौरे के दौरान उन्होंने देखा कि देश के कई हिस्सों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है, लेकिन बंगाल की स्थिति चिंताजनक दिखाई देती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश और म्यांमार से अवैध घुसपैठ बढ़ रही है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

परांडे ने यह भी कहा कि सीमा सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों द्वारा जमीन की मांग की गई है और इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई की जरूरत है।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्य भारत के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग, उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय निष्पक्ष रूप से कार्य कर रहे हैं तथा इसके लिए उन्होंने संबंधित संस्थाओं का आभार भी जताया।

बंगाली हिंदू समाज से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है और लोगों को बिना भय के लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, संस्कृति और देश के भविष्य के हित में जागरूक मतदान आवश्यक है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0