नॉर्थ जोन पुरुष खो-खो अंतर विश्वविद्यालयीय टूर्नामेंट का चैम्पियन बना सीएसजेएमयू : कुलपति

10 Apr 2026 23:01:53
फोटो क्रेडिट कानपुर विश्विद्यालय


कानपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित नॉर्थ जोन पुरुष खो-खो अंतर विश्वविद्यालयीय टूर्नामेंट का समापन शानदार मुकाबलों और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसमें मेजबान टीम सीएसजेएमयू ने खिताब अपने नाम कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, टीम भावना और उच्च स्तरीय खेल कौशल का प्रदर्शन किया। “खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होता है। यह बातें शुक्रवार को विश्विद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। द्वितीय स्थान के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय और चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय ने 18-16 से जीत दर्ज कर उपविजेता स्थान हासिल किया।

फाइनल मुकाबले में सीएसजेएमयू, कानपुर का सामना लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब से हुआ। मेजबान सीएसजेएमयू टीम ने शानदार रणनीति और सामंजस्यपूर्ण खेल का प्रदर्शन करते हुए 18-10 से जीत दर्ज कर आठ अंकों के अंतर से चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

समापन अवसर पर खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के फिरोज को सर्वश्रेष्ठ आक्रमणकर्ता, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के सत्यम को सर्वश्रेष्ठ रक्षक और सीएसजेएमयू के बब्बन को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।

समारोह में कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा, वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी, प्रोफेसर सुधांशु पांडे, डॉ. नरेश सिंह, डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा, डॉ. श्रवण कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन के साथ ही विश्वविद्यालय अब आगामी ऑल इंडिया पुरुष खो-खो प्रतियोगिता की तैयारियों में जुट गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Powered By Sangraha 9.0