आईपीएल 2026 : मुकुल चौधरी के छक्कों-चौकों ने पलटा मैच, लखनऊ ने कोलकाता से छीनी जीत

युगवार्ता    10-Apr-2026
Total Views |
आईपीएल 2026 : मुकुल चौधरी के छक्कों-चौकों ने पलटा मैच, लखनऊ ने कोलकाता से छीनी जीत


कोलकाता, 09 अप्रैल (हि.स.)। आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) ने रोमांचक अंदाज में कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) को हराते हुए आखिरी ओवर में जीत दर्ज की। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में युवा खिलाड़ी मुकुल चौधरी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में 181 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और फिन एलेन जल्दी आउट हो गए। इसके बाद अजिंक्य रहाणे ने 41 रन की तेज पारी खेलकर पारी को संभाला। अंकुश रघुवंशी ने 45 रन बनाए, जबकि कैमरन ग्रीन (32*) और रोवमैन पॉवेल (39*) की नाबाद पारियों ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत भी खराब रही। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद ऋषभ पंत और निकोलस पूरन भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। 16वें ओवर तक लखनऊ का स्कोर 128/7 था और मुकाबला कोलकाता के पक्ष में झुका हुआ था।

लेकिन यहां से 21 वर्षीय मुकुल चौधरी ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनके ये 9 बड़े शॉट्स ही जीत का आधार बने। दूसरी ओर आयुष बडोनी ने भी 54 रन की अहम पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया।

राजस्थान के रहने वाले मुकुल चौधरी आईपीएल 2026 की खोज बनकर उभरे हैं। 30 लाख के बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी को लखनऊ ने 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा था। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ होने के साथ-साथ वह तेज गेंदबाजी भी कर सकते हैं, लेकिन इस मैच में उन्होंने अपनी बल्लेबाज़ी से सबका ध्यान खींच लिया।

इस जीत के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली, जबकि कोलकाता को आखिरी ओवर में हार का सामना करना पड़ा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags