
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स)। जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (जेएएल) के चेयरमैन जयप्रकाश गौर ने कंपनी के अधिग्रहण को लेकर अडाणी समूह पर अपना भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि लेनदारों की समिति और रेज़ोल्यूशन प्रोफेशनल ने एक निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई है।उन्होंने कहा कि गौतम अडाणी के नेतृत्व में कंपनी सभी हितधारकों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।
जयप्रकाश गौर ने कहा कि उनकी कंपनी 1979 से लंबी और भावनात्मक यात्रा का हिस्सा रही है। कंपनी ने हाल ही में अडाणी समूह के साथ एक नया अध्याय शुरू किया है। कंपनी ने विभिन्न प्रमुख प्रोजेक्ट्स जैसे बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट, जलविद्युत परियोजनाएं, सीमेंट प्लांट्स, और जयपी विश टाउन, जयपी ग्रीन्स, जयपी स्पोर्ट्स सिटी विकसित किया, जो कंपनी के लिए गर्व की बात रही है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने वित्तीय कठिनाइयों का सामना किया और उसे इनसॉल्वेंसी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इस कठिन समय में कंपनी ने सभी हितधारकों, गृह-खरीदारों, कर्मचारियों, बैंकों और भागीदारों के साथ मिलकर समाधान निकालने का प्रयास किया।
गौतम अडाणी की अडाणी समूह ने दिवालिया प्रक्रिया के तहत जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (जेएएल) का लगभग 14,535 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करने की बोली जीती है। ये सौदा सीमेंट, बुनियादी ढांचा और रियल एस्टेट संपत्तियों के लिए है। सुप्रीम कोर्ट ने वेदांता समूह की आपत्तियों के बावजूद इस अधिग्रहण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर