मानवाधिकारों पर 12वीं लघु फिल्म प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित

10 Apr 2026 18:10:53
प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने अपनी 12वीं वार्षिक लघु फिल्म प्रतियोगिता के लिए भारतीय नागरिकों से विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों पर आधारित फिल्मों के लिए आवेदन मांगे हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है।

आयोग के मुताबिक लघु फिल्में अंग्रेजी या किसी भी भारतीय भाषा में हो सकती हैं जिनमें अंग्रेजी उपशीर्षक हों। लघु फिल्म की अवधि न्यूनतम 3 मिनट और अधिकतम 10 मिनट होनी चाहिए। ये फिल्में वृत्तचित्र, वास्तविक कहानियों का नाट्य रूपांतरण या किसी भी तकनीकी प्रारूप में बनी काल्पनिक रचना हो सकती हैं, जिनमें एनीमेशन भी शामिल है। ये फिल्में विभिन्न सामाजिक-आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक अधिकारों के दायरे में आनी चाहिए और कई विषयों पर आधारित होनी चाहिए।

इनमें जीवन, स्वतंत्रता, समानता तथा गरिमा का अधिकार, बंधुआ मजदूरी और बाल श्रम, महिलाओं तथा बच्चों के अधिकारों से संबंधित विशिष्ट मुद्दों को शामिल करना, बुजुर्ग व्यक्तियों के अधिकार और चुनौतियां, मानव तस्करी, घरेलू हिंसा, शिक्षा का अधिकार, स्वच्छ पर्यावरण का अधिकार और एलजीबीटीक्यूआई+ के अधिकार शामिल है।

सभी आयु वर्ग के भारतीय नागरिक इसमें भाग ले सकते हैं। प्रविष्टियों की संख्या पर कोई सीमा नहीं है और कोई प्रवेश शुल्क भी नहीं है। विजेता फिल्मों को आयोग द्वारा आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी अपना आवेदन पत्र और फिल्म गूगल ड्राइव के माध्यम से एनएचआरसीशॉर्टफिल्म@जीमेलडॉटकॉम पर भेज सकते हैं। प्रतियोगिता के नियम, शर्तें और आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए प्रतिभागी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। किसी भी अन्य जानकारी के लिए भी उक्त ईमेल पते पर संपर्क किया जा सकता है।

आयोग के अनुसार लघु फिल्म पुरस्कार प्रतियोगिता की स्थापना आयोग द्वारा 2015 में की गई थी। इसका उद्देश्य मानवाधिकारों को बढ़ावा देने और उनकी रक्षा करने की दिशा में भारतीय नागरिकों के सिनेमाई तथा रचनात्मक प्रयासों को प्रोत्साहित करना और मान्यता देना है, चाहे उनकी उम्र कुछ भी हो। पिछली सभी प्रतियोगिताओं में आयोग को देश के विभिन्न हिस्सों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0