मॉरीशस में भारतीय विदेश मंत्री डॉ जयशंकर से मिले नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल

10 Apr 2026 21:31:53
नेपाल और भारत के विदेश मंत्रियों की मुलाकात


काठमांडू, 10 अप्रैल (हि.स.)। मॉरीशस के पोर्ट लुईस में शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। यह बैठक मॉरीशस में 10-12 अप्रैल तक चलने वाले 9वें हिंद महासागर सम्मेलन (आईओसी) के इतर हुई।

बैठक के बाद भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर ने शिशिर खनाल को नेपाल का विदेश मंत्री बनने पर बधाई देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में गहन सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नेपाल के साथ साझेदारी की पूरी संभावनाओं को साकार करने के लिए हमने विभिन्न क्षेत्रों में और गहरा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

गुरुवार को मॉरीशस रवाना हुए मंत्री खनाल सम्मेलन में ‘माउंटेन–ओशन कनेक्टिविटी’ (हिमालय और महासागर के संबंध) के मुद्दे को प्राथमिकता के साथ उठाने की तैयारी कर रहे हैं। भूपरिवेष्ठित देश होने के बावजूद नेपाल अपने वैदेशिक व्यापार के लिए समुद्री मार्ग की अनिवार्यता एवं हिन्द महासागर के संरक्षण में अपनी भूमिका को सम्मेलन में प्रमुखता से प्रस्तुत करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0