सचिवालय सुपर लीग में अनुज चमोली का ऑलराउंड प्रदर्शन, हरिकेन की बड़ी जीत

10 Apr 2026 16:56:53
प्लेयर ऑफ द मैच अनुज चमोली


देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। सचिवालय सुपर लीग में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में सचिवालय हरिकेन और पैंथर्स की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की। दिन का पहला मैच हरिकेन और विंग्स के बीच खेला गया, जिसमें हरिकेन ने एकतरफा अंदाज में 99 रनों से जीत हासिल की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हरिकेन ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। टीम की ओर से अनुज चमोली ने 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि कपिल गंगवार ने 24 रन जोड़े। गेंदबाजी में विंग्स के कृष्ण कांत उनियाल ने 2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंग्स की टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई और 10 ओवर में मात्र 48 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। देवेंद्र सिंह रावल ने 15 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। हरिकेन के लिए अनुज चमोली ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

दिन के दूसरे मुकाबले में पैंथर्स ने सुपर किंग्स के खिलाफ दमदार खेल दिखाते हुए 101 रनों से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर्स ने 188 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें प्रमोद नेगी ने 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली। सुपर किंग्स की ओर से नवीन, शैलेन्द्र और ललित नौटियाल ने दो-दो विकेट लिए।

जवाब में सुपर किंग्स की टीम लक्ष्य का दबाव झेल नहीं सकी और 87 रन पर सिमट गई। नरेश ने 16 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके।

पैंथर्स के हितेश क्षेत्री ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए और टीम की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्हें उनके प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।

इन मुकाबलों के साथ टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा और भी रोमांचक होती जा रही है, जहां टीमें अगले चरण में जगह बनाने के लिए जोर लगा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0