नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेगा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय

10 Apr 2026 20:07:53
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण) के निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करेगा। 13 अप्रैल को विज्ञान भवन में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर सहित कई महिला मंत्री और सांसद मौजूद रहेंगे। इसके लिए मंत्रालय ने खास तैयारियां की हैं।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करता है, जिसे 2029 तक पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। यह कदम महिला सशक्तीकरण और विकसित भारत की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।

सितंबर 2023 में संसद द्वारा सर्वसम्मति से पारित अधिनियम को अब 2011 के डेटा के आधार पर लागू करने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। इसके लिए सरकार ने बजट सत्र को तीन दिन बढ़ाया है। 16 से 18 अप्रैल तक संसद में इस अधिनियम में संशोधन पर चर्चा की जाएगी और उसे पारित किया जाएगा। अधिनियम के संशोधन पारित होने के बाद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों का आरक्षण सुनिश्चित हो जाएगा। इस अधिनियम का मकसद राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0