एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारत का दम, अभिमन्यु और सुजीत ने जीते स्वर्ण पदक

युगवार्ता    11-Apr-2026
Total Views |
भारतीय पहलवान अभिमन्यु


नई दिल्ली/बिश्केक, 11 अप्रैल (हि.स.)। किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में चल रही एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में भारत के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। 70 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में अभिमन्यु ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया, जिस पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने उन्हें बधाई दी है।

हरियाणा के हिसार के 24 वर्षीय अभिमन्यु ने अपने शानदार खेल, धैर्य और तकनीक के दम पर एशिया के शीर्ष पहलवानों को मात दी। विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज अभिमन्यु इससे पहले 2025 की सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। 2022 में सीआईएसएफ से जुड़ने के बाद उनका यह प्रदर्शन संस्था के उच्च प्रशिक्षण और अनुशासन का प्रमाण माना जा रहा है।

इसी दिन भारत को एक और बड़ी सफलता मिली, जब सुजीत ने पुरुषों के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में उज्बेकिस्तान के उमिदजोन जलोलोव को 8-1 से हराकर खिताब जीता। यह इस वर्ग में 2019 के बाद भारत का पहला स्वर्ण है।

हालांकि, 79 किलोग्राम वर्ग में संदीप मान स्वर्ण पदक से चूक गए और उन्हें करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, 57 किलोग्राम वर्ग में अंकुश ने जापान के फुगा सासाकी को हराकर कांस्य पदक हासिल किया।

इस प्रदर्शन के साथ भारत के पदकों की कुल संख्या दो स्वर्ण, चार रजत और आठ कांस्य तक पहुंच गई है। प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत के पास और पदक जीतने का मौका रहेगा, जहां अमन (61 किग्रा) और मुकुल दहिया (86 किग्रा) फाइनल में उतरेंगे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags