जयपुर में अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, कहा-‘पीडीए करेगा शुद्धिकरण’

11 Apr 2026 18:51:53
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री


जयपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को जयपुर दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला। वहीं नीतीश कुमार को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि वे उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते थे लेकिन भाजपा ने उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाकर उनके साथ ‘धोखा’ किया है। उन्होंने इसे एक राजनीतिक षड्यंत्र बताया।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) भाजपा का “शुद्धिकरण” करेगा।

अखिलेश यादव ने व्यंग्यात्मक अंदाज में योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो दूसरों से प्रमाण पत्र मांगते हैं, उनके पास खुद का प्रमाण पत्र नहीं है। शंकराचार्य को मिली धमकियों के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि उनके विचार महत्वपूर्ण हैं और वे “नकली संतों” के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने योग, खेल और विदेश यात्रा से जुड़े उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री पर तंज कसा।

समाजवादी पार्टी प्रमुख ने भाजपा पर चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर (संक्षिप्त पुनरीक्षण) के दौरान बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा कर समाजवादी पार्टी समर्थकों के वोट कटवाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए मतदाता सूची से नाम हटाए गए, लेकिन चुनाव आयोग में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अखिलेश यादव ने कहा कि जहां भाजपा है, वहां “पीड़ा” है और इसी के खिलाफ वे पीडीए की राजनीति को मजबूत करने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और भाजपा को करारी हार मिलेगी।

अखिलेश यादव ने धुरंधर फिल्म और वेब सीरीज को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि जैसे फिल्मों में लिखा जाता है कि सभी पात्र काल्पनिक हैं। उसी तरह भाजपा भी कहानी गढ़ने का काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्मों और कंटेंट के जरिए समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, जो अगले कुछ वक्त में और ज्यादा होगा।

गठबंधन राजनीति पर उन्होंने कहा कि वे पहले भी कई गठबंधन कर चुके हैं और फिलहाल जो गठबंधन चल रहा है, वही जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन आने वाले समय में और मजबूत होगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी फिलहाल राजस्थान में चुनाव नहीं लड़ रही है।

विजन इंडिया समिट में समरसता पर जोर

जयपुर स्थित रामबाग पैलेस में आयोजित “विजन इंडिया: हॉर्मोनियस हेरिटेज समिट” में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भारत की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जयपुर की पहचान “पिंक सिटी” के रूप में केवल नाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर सांस्कृतिक विविधता और समरसता का प्रतीक है।

उन्होंने परंपरा और नवाचार के समन्वय को देश के विकास की कुंजी बताते हुए कहा कि समरसता ही प्रगति और समृद्धि का आधार है।

समिट में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, बुद्धिजीवियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने भाग लेकर भारत की साझा विरासत के संरक्षण और विकास पर विचार-विमर्श किया।

इस दौरान वक्ताओं ने सांस्कृतिक विरासत को सामाजिक न्याय और संतुलित विकास से जोड़ते हुए इसे भविष्य की दिशा के रूप में प्रस्तुत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Powered By Sangraha 9.0