सचिवालय सुपर लीग: डेंजर और बुल्स की शानदार जीत, फ़ाज़िल और विक्की बने मैच के हीरो

11 Apr 2026 17:13:53
मैन ऑफ द मैच मोहम्मद फ़ाज़िल


देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। देहरादून में खेली जा रही सचिवालय सुपर लीग 2026 में शनिवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में सचिवालय डेंजर ने शानदार बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाज़ी के दम पर सचिवालय लायंस को 42 रनों से हराया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सचिवालय डेंजर ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से नूर मोहम्मद ने 42 और सतवीर सिंह सजवाण ने 41 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। सचिवालय लायंस की तरफ से मदन बाफिला ने तीन विकेट झटके, जबकि प्रमोद ने दो खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।

188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय लायंस की टीम निर्धारित ओवरों में 145 रन ही बना सकी। मदन ने 73 और संदीप सिंह बिष्ट ने 26 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। सचिवालय डेंजर की ओर से मोहम्मद फ़ाज़िल ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए चार विकेट चटकाए, जबकि वीरेंद्र सिंह और अर्जुन कुमार ने दो-दो विकेट लिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोहम्मद फ़ाज़िल को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

दूसरे मुकाबले में सचिवालय बुल्स ने राइजिंग को 74 रनों से मात दी। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बुल्स ने 155 रन बनाए, जिसमें सुधांशु राणा ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। राइजिंग की ओर से अमित सतवाल, राकेश जोशी और विश्वस्वरूप भंडारी ने दो-दो विकेट हासिल किए।

जवाब में राइजिंग की टीम सिर्फ 81 रनों पर सिमट गई। रोहित पंत ने 21 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज़ टिक नहीं सके। बुल्स के गेंदबाज़ विक्की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने के साथ कुल पाँच विकेट झटके। इस दमदार प्रदर्शन के लिए विक्की को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0