चुनाव के बाद द्रमुक बिखर जाएगी; कनिमोझी अलग पार्टी बनाएंगी: अन्नामलाई

11 Apr 2026 14:08:53

कोयंबटूर, 11 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई कुप्पुसामी ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसियों ने सरकार के खिलाफ दर्ज शिकायतों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

कोयंबटूर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अन्नामलाई ने दावा किया कि उन्होंने करीब 160 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार से जुड़े सबूत भ्रष्टाचार निरोधक एवं सतर्कता निदेशालय को सौंपे थे, लेकिन अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी भाजपा कार्यालय “कमलालयम” तक पहुंचे, लेकिन मामले में कोई ठोस प्रगति देखने को नहीं मिली।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अन्नामलाई ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 210 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में हार के बाद द्रमुक बिखर जाएगी और कनिमोझी अलग पार्टी का गठन कर सकती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि तमिलनाडु में द्रमुक दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएगी और सत्ता परिवर्तन के बाद भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा।

फिल्म जगत से जुड़े मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्नामलाई ने विजय की फिल्म “जननायकन” के लीक होने की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपी जाती है, तो भाजपा इसका पूरा समर्थन करेगी।

केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन का नाम इस विवाद से जोड़ने पर उन्होंने इसे “घृणा की पराकाष्ठा” बताया।

कोयंबटूर दक्षिण सीट को लेकर अन्नामलाई ने सेन्थिल बालाजी को चुनौती देते हुए आरोप लगाया कि वे “टास्मैक के पैसों” के सहारे चुनाव लड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यहां अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा।

इसके अलावा अन्नामलाई ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, बढ़ते नशे का प्रचलन, सरकारी स्कूलों की गिरती गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे की कमी जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि इन कारणों से जनता द्रमुक सरकार से नाराज है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0