आईपीएल 2026: सीएसके की धमाकेदार वापसी, सैमसन के शतक से दिल्ली पर 23 रन की जीत

12 Apr 2026 00:46:53

चेन्नई, 12 अप्रैल (हि.स.)। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपरकिंग्स ने आखिरकार जीत का खाता खोल लिया है। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। यह जीत कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के लिए भी बेहद खास रही, क्योंकि उन्हें लगातार तीन हार के बाद पहली सफलता मिली।

पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 212 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए सबसे बड़ी पारी संजू सैमसन ने खेली, जिन्होंने नाबाद 115 रन बनाकर मैच का रुख तय कर दिया। उनके अलावा युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 59 रन जोड़े, जबकि शिवम दुबे ने तेज 20 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत तेज रही। पथुम निसांका ने 24 गेंदों में 41 रन बनाते हुए आक्रामक अंदाज दिखाया और केएल राहुल के साथ मिलकर पहले पांच ओवर में 61 रन जोड़ दिए।

हालांकि, इसके बाद चेन्नई के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और कुछ ही रनों के भीतर दिल्ली के चार विकेट गिराकर मैच का रुख बदल दिया। मध्यक्रम में ट्रिस्टन स्टब्स ने 60 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर संघर्ष किया, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने चार विकेट लेकर जीत के हीरो बने, जबकि अंशुल कंबोज ने तीन विकेट झटके। ओवरटन द्वारा स्टब्स का अहम विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

इस जीत के साथ चेन्नई ने अंक तालिका में अपने खाते में दो महत्वपूर्ण अंक जोड़ लिए हैं और टूर्नामेंट में वापसी के संकेत दे दिए हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0