(अपडेट) मप्र के डिंडोरी में भीषण सड़क हादसा, बेकाबू कंटेनर ने 5 लोगों को रौंदा

12 Apr 2026 23:09:53
डिंडोरी में भीषण सड़क हादसा


- मुख्यमंत्री ने हादसे पर व्यक्त किया दुख, मृतकों के परिजनों को साढ़े चार-चार लाख रुपये की सहायता

भोपाल, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में गाड़ासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर ग्राम किकरा तालाब के पास रविवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हादसे में पांच ग्रामीणों के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने रविवार शाम को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और उनके शोकाकुल परिजन को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत नागरिकों के परिजन को साढ़े चार-साढ़े चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

गाड़ासराय थाना पुलिस के अनुसार, ग्राम परसवाह के ग्रामीण शनिवार की रात एक कार्यक्रम से शामिल होने के बाद पिकअप वाहन से वापस अपने गांव वापस लौट रहे थे। रविवार तड़के जबलपुर अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्रामीणों से भरा पिकअप वाहन पंचर हो गया। चालक ने वाहन को सड़क किनारे लगाया और टायर बदलने लगा, तभी एक तेज रफ्तार कंटेनर वहां से गुजरा और पिकअप सवार छह लोगों को कुचल दिया, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि वाहन के नीचे आए पांच लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पवन कुमार मरावी (32), विशाल सिंह धुर्वे (58), राजकरण वनवासी (30), बिहारी सिंह उद्दे (31) और पवन सिंह उद्दे (52), सभी निवासी ग्राम परसवाह के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं और मामले की जांच की जारी है।

घटना की जानकारी लगते डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने रविवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और इसके बाद मृतकों के गांव परसवाह पहुंच मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। कलेक्टर ने कहा कि दुखद हादसे में जिन ग्रामीणों की जान गई है, उनके अंत्येष्टि के लिए राशि जारी की जा रही है, साथ ही संबल योजना से प्रत्येक मृत परिवार को चार-चार लाख रुपये सहायता राशि दी जा रही हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0