
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने रविवार को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' के 69वें संस्करण का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र निर्माण में फिटनेस की अहम भूमिका पर जोर देते हुए लोगों से फिट इंडिया आंदोलन से जुड़ने और एक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।
डॉ. मंडाविया ने कहा कि “संडे ऑन साइकिल” अब एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रेरित है, जिसके कारण देश के युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ी है। प्रधानमंत्री मोदी ने 'फिट इंडिया' का संदेश दिया है। यह केवल एक संदेश नहीं, बल्कि 'विकसित भारत' के लिए एक आवश्यकता है।
फिटनेस के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. मंडाविया ने कहा कि यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनना है, तो उसके नागरिकों, खासकर युवाओं का स्वस्थ होना बेहद जरूरी है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं और स्वस्थ समाज ही विकसित राष्ट्र बनाता है। मैं हर नागरिक से, विशेष रूप से इस देश के युवाओं से आग्रह करता हूं कि वे ‘संडे ऑन साइकिल’ आंदोलन से जुड़ें और ‘फिट इंडिया’ का संदेश फैलाएं।
खेल मंत्री ने 'फीट इंडिया एप' के जरिए फिटनेस के साथ सस्टेनेबिलिटी को जोड़ने पर भी जोर दिया। इस ऐप की मदद से नागरिक साइकिल चलाकर 'कार्बन क्रेडिट' कमा सकते हैं। इस पहल का मकसद पर्यावरण के अनुकूल आवाजाही को बढ़ावा देना और साथ ही सेहतमंद जीवनशैली को पुरस्कृत करना है। जमा हुए कार्बन क्रेडिट का इस्तेमाल उत्पाद खरीदने के लिए किया जा सकता है।
कार्यक्रम का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा- तेज संगीत, जुम्बा सेशन, योग गतिविधियां, रस्सी कूद, टग ऑफ वॉर और विभिन्न फिटनेस गेम्स ने इसे एक जीवंत फिटनेस उत्सव बना दिया। हर उम्र के लोग, छात्र, पेशेवर, खिलाड़ी शामिल हुए।
कार्यक्रम में राहगीरी फाउंडेशनद्वारा “स्टेट यूथ लीडर्स” थीम पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इसके अलावा, आयुष मंत्रालय की “योग 365” पहल के तहत योग परामर्श केंद्र भी लगाया गया, जहां लोगों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में योग सत्रों का लाभ उठाया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह