नेपाल ने संयुक्त राष्ट्र में बहुपक्षवाद की प्रतिबद्धता दोहराई

12 Apr 2026 10:44:53
संयुक्त राष्ट्र के नेपाल के स्थाई प्रतिनिधि लोक बहादुर थापा


काठमांडू, 12 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल सरकार ने दोहराया है कि देश हमेशा बहुपक्षवाद के प्रति दृढ़ रूप से प्रतिबद्ध रहा है। वैश्विक समुदाय के समक्ष अंतरराष्ट्रीय एकजुटता के प्रति नेपाल ने अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

संयुक्त राष्ट्र (यूएन) मुख्यालय में नेपाल के स्थायी मिशन द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में नेपाल ने वैश्विक शांति स्थापना में अपने दीर्घकालिक योगदान को उजागर किया। इस कार्यक्रम ने संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में नेपाल सेना की लगातार 68 वर्षों की सेवा को भी चिह्नित किया। यूएन में नेपाल मिशन ने कहा कि वर्तमान वैश्विक चुनौतियों का समाधान संयुक्त राष्ट्र को केंद्र में रखकर बहुपक्षवाद को मजबूत करने से ही संभव है।

संयुक्त राष्ट्र में नेपाल के स्थायी प्रतिनिधि लोक बहादुर थापा ने कहा कि नेपाली सेना वैश्विक शांति और सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 1,60,000 से अधिक नेपाली शांति सैनिक विभिन्न संयुक्त राष्ट्र मिशनों में सेवा दे चुके हैं, जो बहुपक्षवाद और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति नेपाल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव ज्यां-पियरे लैक्रोआ ने नेपाली शांति सैनिकों की समर्पण भावना और पेशेवरता की सराहना की और वैश्विक शांति अभियानों में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र में विभिन्न देशों के राजदूत, राजनयिक, सैन्य एवं पुलिस सलाहकार, वरिष्ठ संयुक्त राष्ट्र अधिकारी, नेपाल के मित्र तथा पूर्व सैन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0