सिलीगुड़ी में मोदी का टीएमसी पर हमला- इसबार बंगाल से ममता सरकार की विदाई तय

12 Apr 2026 14:17:53
सिलीगुड़ी में जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी


सिलीगुड़ी, 12 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव के बाद बंगाल से ममता सरकार का जाना तय है। टीएमसी के शासनकाल में पश्चिम बंगाल की स्थिति खराब हुई है और जनता ने पिछले वर्षों में इसकी बर्बादी देखी है।

पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे दिन रविवार को सिलीगुड़ी पहुंचे प्रधानमंत्री ने दार्जिलिंग जिले की सभी 5 और जलपाईगुड़ी जिले की सभी 7 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने मदरसों के लिए 6000 करोड़ रुपये खर्च किए लेकिन राज्य के समग्र विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल अपने खास वोट बैंक के लिए काम करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी के शासन में पश्चिम बंगाल की स्थिति खराब हुई है और जनता ने पिछले वर्षों में इसकी बर्बादी देखी है। उन्होंने कहा कि राज्य की ममता सरकार को 15 साल का हिसाब देना होगा।

अपने रोड शो का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि जनता ने जो प्यार और समर्थन दिया, उसे वह कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने दावा किया कि सिलीगुड़ी की उनकी यह जनसभा टीएमसी की नींद उड़ा देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0