
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 अप्रैल को ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे से यहां विज्ञान भवन में आयोजित होगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि इस सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां और महिला उपलब्धि प्राप्तकर्ता शामिल होंगी। इसमें सरकार, अकादमिक, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, मीडिया, सामाजिक कार्य और संस्कृति से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विकास में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करना है। इसमें निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
पीएमओ के अनुसार, यह सम्मेलन विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में महिला-नेतृत्व वाले विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाएगा। साथ ही शासन और नेतृत्व के हर स्तर पर महिलाओं की भूमिका को भी उजागर करेगा।
उल्लेखनीय है कि सितंबर 2023 में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान किया गया है। अब इसके क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर