वॉशिंगटन, 12 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि वह ईरान को सैन्य सहायता देता है, तो उस पर भारी आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाएंगे। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में चीन के सामान पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जा सकता है।
ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि उन्हें ऐसी रिपोर्ट्स मिली है कि चीन “शोल्डर-फायर्ड एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल सिस्टम” यानी एमएएनपीएडीएस ईरान को देने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें उम्मीद है कि चीन ऐसा कदम नहीं उठाएगा, क्योंकि दोनों देशों के बीच संबंध बने हुए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संकेत मिले हैं कि चीन आने वाले हफ्तों में ईरान को नई एयर डिफेंस प्रणाली उपलब्ध करा सकता है। हालांकि, वॉशिंगटन स्थित चीनी दूतावास ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
चीन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उसने कभी भी इस संघर्ष में किसी भी पक्ष को हथियार उपलब्ध नहीं कराए हैं। साथ ही अमेरिका से अपील की गई कि वह बिना आधार के आरोप लगाने और माहौल को भड़काने से बचे।
ट्रंप ने कहा, “अगर हम उन्हें ऐसा करते हुए पकड़ते हैं, तो 50% टैरिफ लगाया जाएगा, जो बहुत बड़ा कदम होगा।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर शुरुआत में कोई सीमित मदद हुई भी हो, तो अब ऐसा दोबारा होने की संभावना कम है।
उल्लेखनीय है कि ट्रंप अगले महीने चीन की यात्रा पर जा सकते हैं, जहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति शी जिनपिंग से प्रस्तावित है। हालांकि, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण यह बैठक पहले टल चुकी है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय