
इस्लामाबाद, 12 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने आज (रविवार) सुबह कहा कि अमेरिका, ईरान के साथ किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने यह बात शनिवार दोपहर शुरू हुई इस्लामाबाद वार्ता के तहत 21 घंटे की गंभीर चर्चा के बाद कही। उन्होंने दोनों देशों के बीच हुई सीधी बातचीत के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। वेंस ने कहा, हम पिछले 21 घंटे तक शांति वार्ता पर काम किया और गंभीर चर्चा की है। बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं।
पाकिस्तान के अंग्रेजी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, उपराष्ट्रपति ने कहा, हमने यह साफ कर दिया है कि हमारे लक्ष्य क्या हैं। हमने यह भी साफ कर दिया कि ईरान की किन बातों को हम मानने को तैयार हैं। मगर ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने हमारी शर्तें मानने से इनकार कर दिया है। वेंस ने संवाददाता सम्मेलन की शुरुआत में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की तारीफ की और उन्होंने बेहतरीन मेजबान बताया।
उन्होंने यह भी साफ किया कि मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान ने बढ़िया काम किया और सचमुच मदद करने की कोशिश की, ताकि हमारे बीच की खाई पट सके और कोई समझौता हो सके। जब वेंस से पूछा गया कि ईरान ने किन बातों को अस्वीकार किया, तो उन्होंने में कहा, मैं सभी बातों पर नहीं जाऊंगा, क्योंकि मैं 21 घंटे तक निजी तौर पर बातचीत करने के बाद अब सार्वजनिक रूप से बातचीत नहीं करना चाहता। लेकिन सीधी सी बात यह है कि हमें एक पक्का आश्वासन चाहिए कि वे परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं करेंगे और न ही वे ऐसे साधन जुटाने की कोशिश करेंगे जिनसे वे तेजी से परमाणु हथियार हासिल कर सकें।
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने एक्स पर लिखा, इस्लामाबाद में प्रतिनिधिमंडल के लिए यह व्यस्त और लंबा दिन रहा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कई संदेशों और दस्तावेजों का आदान-प्रदान हुआ। बातचीत में मुख्य विषय होर्मुज जलडमरूमध्य, परमाणु मुद्दा, युद्ध हर्जाना, प्रतिबंधों को हटाना और युद्ध की पूर्ण समाप्ति रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद