तुष्टीकरण नहीं, विकास और सुरक्षा चाहिए, पश्चिम बंगाल में परिवर्तन तय : योगी आदित्यनाथ

12 Apr 2026 16:38:53
योगी आदित्यनाथ बंगाल के जनसभामें


योगी आदित्यनाथ बंगाल के जनसभा में


बांकुड़ा/पूर्व मेदिनीपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राज्य के बांकुड़ा और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए जनता से सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया।

योगी आदित्यनाथ ने सोनामुखी और नंदकुमार विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित रैलियों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों, सोनामुखी से दिवाकर घरामी और नंदकुमार से निर्मल खांड़ा के समर्थन में प्रचार किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब विकास, सुरक्षा और सुशासन के लिए बदलाव चाहती है।

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य की जनता तुष्टीकरण की राजनीति को नकार चुकी है और अब विश्वास, सुरक्षा तथा समग्र विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि “राष्ट्रवाद की भूमि” पश्चिम बंगाल में अब ‘खेला’ की राजनीति समाप्त होगी और विकास की नई शुरुआत होगी।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में प्रदेश में अराजकता, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को बढ़ावा मिला है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इन समस्याओं का समाधान केवल भाजपा की “डबल इंजन” सरकार ही कर सकती है।

सोनामुखी में जनसमर्थन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि राज्य में “कमल” खिलने वाला है। उन्होंने कहा कि लोग ऐसी सरकार चाहते हैं, जो आस्था, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दे।

उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वहां “न कर्फ्यू, न दंगा” की स्थिति है और माफिया व अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जहां भी होती है, वहां कानून-व्यवस्था मजबूत होती है और विकास के नए अवसर पैदा होते हैं।

इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश में हाल ही में एक दलित हिंदू की हत्या का मुद्दा उठाते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस गंभीर मुद्दे पर राज्य सरकार की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाषा और संस्कृति के नाम पर कठोर राजनीति नहीं चलने दी जाएगी और देशद्रोही ताकतों के मंसूबों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बंगाल की जनता अब चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में बंगाल तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और अराजकता का केंद्र बन गया है, लेकिन अब जनता परिवर्तन के लिए तैयार है और आने वाले चुनाव में इसका परिणाम देखने को मिलेगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Powered By Sangraha 9.0