अर्जेंटीना दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम तैयार, 13 अप्रैल को पहला मुकाबला

12 Apr 2026 14:08:53
भारतीय महिला हॉकी टीम खिलाड़ी (फोटो- हॉकी इंडिया)


नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम अर्जेंटीना के अपने चार मैचों के दौरे के लिए पूरी तरह तैयार है। इस दौरे पर भारतीय टीम 13 से 17 अप्रैल तक ब्यूनस आयर्स में अर्जेंटीना के खिलाफ चार मैच खेलेगी।

हॉकी इंडिया के अनुसार भारतीय महिला टीम ने अर्जेंटीना रवाना होने से पहले बेंगलुरु में अभ्यास किया। तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित एफआईएच हॉकी विश्व कप क्वालिफायर्स 2026 में उपविजेता रहने के बाद टीम इस दौरे और बाकी पूरे साल भी उसी लय को बनाए रखने की कोशिश करेगी। कप्तान सलीमा टेटे की गैर-मौजूदगी में अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर इस दौरे के दौरान टीम की कप्तानी करेंगी। वहीं, भारत की अनुभवी गोलकीपर सविता की वापसी टीम के लिए एक बड़ा हौसला बढ़ाने वाली बात होगी।

हाल ही में अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली निक्की प्रधान, बेहद अनुभवी सुशीला चानू पुखरामबम के साथ मिलकर डिफेंस की कमान संभालेंगी। इशिका चौधरी, मनीषा चौहान, ज्योति और उदिता जैसी खिलाड़ी भी भारत की डिफेंस लाइन को और मजबूती देती हैं। वहीं, सीनियर टीम में जगह बनाने के बाद ललथंतलुंगी को भी अपनी काबिलियत साबित करने का मौका मिलेगा।

इस दौरे पर सलीमा टेटे के न होने से, नेहा, वैष्णवी विट्ठल फालके और सुनेलिता टोप्पो के साथ मिलकर एक युवा मिडफील्ड यूनिट की कमान संभालेंगी। साक्षी राणा, ऋतुजा दादासो पिसाल, इशिका और दीपिका सोरेंग जैसी खिलाड़ियों को अपनी पहचान बनाने और शुरुआती लाइन-अप में अपनी जगह पक्की करने का मौका मिलेगा।

नवनीत कौर ने हाल ही में अपने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ़ द ईयर' का अवॉर्ड जीता है, भारत के लिए लालरेमसियामी के साथ मिलकर आक्रमण की कमान संभालेंगी। बलजीत कौर, दीपिका और ब्यूटी डुंगडुंग भी आक्रमण के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएंगी। मुमताज खान भी टीम में वापसी कर रही हैं और गोल करने का खतरा बढ़ा सकती हैं। उनके साथ अन्नू भी टीम का हिस्सा हैं।

चार मैचों के इस दौरे को लेकर अपने विचार साझा करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच स्जोर्ड मारिजने ने कहा, “हम यहां 23 खिलाड़ियों के साथ आए हैं, जिन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। हम इस दौरे का उपयोग विभिन्न टीम संयोजनों के साथ खेलने और जीत के तरीके खोजने के अवसर के रूप में करेंगे। मेरा मुख्य लक्ष्य यहां विश्व की दूसरे नंबर की टीम के खिलाफ व्यक्तिगत और टीम के प्रदर्शन को देखना है।”

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0