
इस्लामाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) की हाल में गठित नौसेना ने तटीय शहर ग्वादर में पाकिस्तान के तटरक्षक बल की स्पीड बोट पर हमला कर तीन जवानों को मार गिराया। बीएलए ने समुद्र पर निगरानी के लिए हम्माल समुद्री रक्षा बल (एचएमडीएफ) का गठन किया है। बीएलए ने एचएमडीएफ के बलोचिस्तान के तटीय शहर ग्वादर के समुद्र में पाकिस्तान के तटरक्षक बल पर किए गए हमले का एक वीडियो जारी किया। बीएलए ने अपने आधिकारिक चैनल पर इस बल की पहली कार्रवाई का 2 मिनट 32 सेकंड का वीडियो जारी किया है।
द बलोचिस्तान पोस्ट की खबर के अनुसार, वीडियो में चार नकाबपोश आधुनिक हथियारों से लैस होकर समुद्र की ओर बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। हमले से पहले बलोच भाषा में एक संदेश जारी किया। इसमें कहा गया था कि जब तक इस भूमि पर बलोच हैं तब तक दुश्मन को समुद्र में नहीं रहने दिया जाएगा। यह भूमि हमारी है और हमारे युवाओं ने इस तट की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान किया है।
इसके बाद एचएमडीएफ के लड़ाके एक स्पीडबोट पर सवार होकर गहरे समुद्र में पाकिस्तान के तटरक्षक बल की स्पीडबोट पर हमला करते हैं। वीडियो के अनुसार, लड़ाके स्पीडबोट में सवार पाकिस्तान के तीनों कर्मियों को मार डालते हैं। हमले के दौरान पाकिस्तान तट रक्षक बल का अधिकारी अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में कूद जाता है। विद्रोही लड़ाके समुद्र में ही उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार देते हैं।
बीएलए ने एक बयान में कहा है कि अब उसकी सैन्य क्षमता पहाड़ों और शहरों तक सीमित नहीं है। उसने गहरे समुद्र में दुश्मन को निशाना बनाने की पूरी क्षमता हासिल कर ली है। यह युद्ध तब तक जारी रहेगा जब तक दुश्मन को पूरी तरह से खदेड़ नहीं दिया जाता और एक स्वतंत्र और स्वायत्त बलोच राज्य की बहाली नहीं हो जाती।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद