नई दिल्ली/गांधीनगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जिले में लखतर–विरमगाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को कुचल दिया।
लखतर पुलिस थाने के मुताबिक रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे श्रद्धालुओं का एक समूह राजकोट से बहुचराजी माता मंदिर दर्शन के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी।
इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की मौत हो गई। मृतकों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस सड़क हादसे में जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि सुरेंद्रनगर में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “गुजरात के सुरेंद्रनगर में एक दुखद सड़क दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि से मैं अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार