दस हजार करोड़ रुपये के साथ 'स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0' अधिसूचित

13 Apr 2026 19:33:53
'स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0' के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स)। केंद्र सरकार ने देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए वेंचर और ग्रोथ कैपिटल जुटाने के उद्देश्य से 10 हजार करोड़ रुपये के कोष के साथ 'स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0' को अधिसूचित किया है। यह फंड डीप टेक, शुरुआती विकास-चरण और इनोवेटिव मैन्युफैक्चरिंग स्टार्टअप्स को सहायता देगा।

उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) की ओर से जारी अधिसूचना में यह कहा गया है कि स्टार्टअप के लिए 10,000 करोड़ रुपये के फंड ऑफ फंड्स दो का दायरा बढ़ाया जाएगा। इसमें कोष को 4 खंडों में विभाजित किया जाएगा, जिसमें अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी और विनिर्माण स्टार्टअप के लिए विशेष सहायता शामिल है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने फंड ऑफ फंड्स के दूसरे चरण को फरवरी में ही अपनी मंजूरी दे दी थी। इसका उद्देश्य उद्यम पूंजी जुटाना और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी, प्रौद्योगिकी-आधारित नवोन्मेषी विनिर्माण स्टार्टअप और विकास के शुरुआती चरण के उद्यमों को समर्थन देना है। स्टार्टअप इंडिया एफओएफ 2.0, 'फंड ऑफ फंड्स फॉर स्टार्टअप्स' (एफएफएस 1.0) के मजबूत प्रदर्शन पर आधारित है। एफएफएस 1.0 को 2016 में 'स्टार्टअप इंडिया कार्य योजना' के तहत लॉन्च किया गया था, जिसका मकसद फंडिंग की कमी को दूर करना और स्टार्टअप्स के लिए घरेलू पूंजी को बढ़ावा देना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0