
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एऩएचए) ने नवप्रवर्तकों, छात्रों, डेवलपर्स और स्टार्टअप्स को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयोजित एबी पीएम-जेएवाई ऑटो-अजूडकेशन हैकाथॉन 2026 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।
इसका उद्देश्य स्वास्थ्य बीमा दावों के निपटान की प्रक्रिया को अधिक तेज, सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए अभिनव डिजिटल समाधान विकसित करना है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार को जारी बयान के अनुसार वर्तमान में योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 50,000 दावों का निपटान किया जाता है, जिनमें से केवल 15-20 प्रतिशत ही स्वतः (ऑटोमेटेड) रूप से निपटते हैं। बढ़ती दावों की संख्या और जटिलता को देखते हुए एक उन्नत, एआई-आधारित स्वचालित प्रणाली की आवश्यकता है, जो विभिन्न उपचार पैकेजों और दस्तावेज़ स्वरूपों को प्रभावी ढंग से संभाल सके।
हैकाथॉन को देशभर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है और अब तक 2,600 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण कर चुके हैं। इच्छुक प्रतिभागी 13 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
प्रतिभागियों की सहायता के लिए 13 अप्रैल से मास्टरक्लास शृंखला भी शुरू की जाएगी, जिसमें दावा निपटान प्रणाली, हैकाथॉन की अपेक्षाएं और डिजिटल स्वास्थ्य में नवाचार के अवसरों पर जानकारी दी जाएगी।
हैकाथॉन का ग्रैंड फिनाले 8 और 9 मई को बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान में आयोजित होगा। विजेता टीमों को 5 लाख, 3 लाख और 2 लाख रुपये के नकद पुरस्कार के साथ-साथ एनएचए के साथ सहयोग का अवसर मिलेगा।
यह पहल देश में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने और लाभार्थियों को बेहतर एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इच्छुक छात्र, शोधकर्ता, डेवलपर, पेशेवर, स्टार्टअप और नवप्रवर्तक 13 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://nha.gov.in/hackathon के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी