शहबाज अब सऊदी अरब जाएंगे, क्राउन प्रिंस से ईरान-अमेरिका में सुलह पर चर्चा करेंगे

13 Apr 2026 14:34:53
6b1533c42d5f2225abe5dfff78a3bafe_1751048596.jpg


इस्लामाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ जल्द ही सऊदी अरब की यात्रा करने वाले हैं। वह सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत करेंगे। शहबाज शरीफ की यात्रा का मुख्य मकसद ईरान-अमेरिका में सुलह कराने के नए तौर-तरीकों पर चर्चा करना है।

दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि चर्चा का मुख्य केंद्र पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति होगी। विशेष रूप से अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत का भविष्य और क्षेत्रीय तनाव कम करने के उद्देश्य से किए जा रहे व्यापक प्रयास। क्षेत्र में स्थायी संघर्ष विराम और दीर्घकालिक शांति से जुड़े मामले भी शरीफ के एजेंडे का हिस्सा हो सकते हैं।

पाकिस्तान और सऊदी अरब के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करने और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ संयुक्त राजनयिक प्रयासों की संभावनाओं को तलाशने की भी उम्मीद है। सऊदी अरब का दौरा पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री शरीफ के तुर्किये की यात्रा पर जाने की भी उम्मीद है।

इस बीच, पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री सीनेटर मोहम्मद इशाक डार ने तुर्किये के विदेशमंत्री हाकान फिदान और मिस्र के विदेशमंत्री बदर अब्देलाती के साथ अलग-अलग टेलीफोन पर बातचीत की। उन्हें इस्लामाबाद वार्ता से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0