निचले स्तर से शानदार रिकवरी के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

13 Apr 2026 17:17:53
प्रतीकात्मक


- निवेशकों को 2.10 लाख करोड़ की चपत

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार ने आज रिकवरी का दम दिखाया। आज के कारोबार की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हुई थी। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने लगभग दो प्रतिशत तक की कमजोरी के साथ कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही इन दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। हालांकि कुछ ही देर बाद खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने निचले स्तर से शानदार रिकवरी की।

सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 1,195 अंक से अधिक उछल गया। इसी तरह निफ्टी ने भी निचले स्तर से 350 अंक से अधिक की छलांग लगाई। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण ये दोनों सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे गिर गए। दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ और निफ्टी 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

पश्चिम एशिया में जारी जंग को रोकने के लिए पाकिस्तान में हुई शांति वार्ता के विफल हो जाने की वजह से दुनिया भर के बाजारों में आज तनाव का माहौल बना रहा। इस तनाव का असर घरेलू शेयर बाजार में भी जोरदार कमजोरी के रूप में नजर आया। हालांकि बड़ी गिरावट के दबाव को दरकिनार करते हुए खरीदारों ने चौतरफा लिवाली कर बाजार को काफी हद तक रिकवर करने में मदद की।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में जम कर बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का ऑटो इंडेक्स 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह आईटी, एफएमसीजी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी एक प्रतिशत से अधिक की कमजोरी के साथ बंद हुए। इसके अलावा बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, हेल्थ केयर, मेटल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, पावर और टेलीकॉम सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारी का रुख बना हुआ नजर आया। ब्रॉडर मार्केट में भी आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.57 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने निचले स्तर से काफी हद तक रिकवरी करने के बावजूद 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 449.13 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 451.23 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.10 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में एनएसई में 2,984 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,140 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,844 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से तीन शेयर बढ़त के साथ और 27 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में और 38 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,613.09 अंक की कमजोरी के साथ 75,937.16 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक 1,681.93 अंक लुढ़क कर 75,868.32 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने आक्रामक अंदाज में लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की स्थिति में सुधार होने लगा।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के करीब यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 1,195.09 अंक की छलांग लगा कर 77,063.41 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 215.84 अंक फिसल कर 702.68 अंक की गिरावट के साथ 76,847.57 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 461 अंक टूट कर 23,589.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही नेगेटिव सेंटीमेंट्स के कारण यह सूचकांक 495 अंक तक की गिरावट के साथ 23,555.60 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के करीब निफ्टी दिन के निचले स्तर से 351.80 अंक उछल कर 23,907.40 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि कारोबार के आखिरी आधे घंटे में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 64.75 अंक लुढ़क कर 207.95 अंक की कमजोरी के साथ 23,842.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचडीएफसी लाइफ 2.47 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 2.21 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 2.02 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.60 प्रतिशत और टीएमपीवी 0.85 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, आयशर मोटर्स 5.04 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 4.62 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एविएशन 2.79 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.77 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.60 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0