
मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री ने अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का किया अनावरणजिले में 951 करोड़ की 423 विकास परियोजनाओं का भी किया लोकार्पण व शिलान्यास
मुजफ्फरनगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रगति के पद पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ लोग इसके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं। नाेएडा में श्रमिकाें के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के श्रमिकों से अपील की कि वे औद्योगिक अशांति फैलाने वालों से सावधान रहें और उनके प्रयासों को किसी भी कीमत पर सफल न होने दें। डबल इंजन सरकार विकास व विरासत की यात्रा को मजबूती से आगे बढ़ा रही है, जिसमें श्रमिकों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को केंद्र में रखा गया है।
मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ साेमवार काे मुजफ्फरनगर में 951 करोड़ रुपये की 423 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करनेके बाद जनसमूह काे संबाेधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित रहेगी, ताकि प्रदेश में शांति, स्थिरता और समृद्धि का वातावरण बना रहे। सरकार एक ओर जहां आधुनिक तकनीक, रोजगार और निवेश को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा, सुशासन और सेवा का एक मजबूत मॉडल प्रस्तुत कर रही है। ऐसे में जब प्रदेश विकास और शांति की ओर अग्रसर है, कुछ लोग षड्यंत्र के तहत अशांति फैलाने की चेष्टा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कार्मिकों व श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि वे याद करें, कोरोना काल में सरकार किस तरह उनके साथ खड़ी रही। उस कठिन समय में सरकार ने श्रमिकों के लिए परिवहन, क्वारंटीन और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की, उन्हें सुरक्षित घर तक पहुंचाया। औद्योगिक अशांति पैदा करने वाले लोगों से सावधान रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुकदेव की इस पावन धरा पर, भारत रत्न चौधरी चरण सिंह व चौधरी अजीत सिंह की कर्मभूमि पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 350वीं जयंती गत वर्ष प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में मनाई गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जगन्नाथ पुरी से लेकर सोमनाथ तक, काशी विश्वनाथ से लेकर रामेश्वरम तक भारत की गुलामी के उस कालखंड में, जब मुगल आक्रांताओं के कारण व्यवस्था जकड़ी हुई थी, तब भी लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारत की विरासत के संरक्षण के लिए पूरी तन्मयता से कार्य कर रही थीं। आज का काशी विश्वनाथ मंदिर उसी का उदाहरण है, जिसका पुनर्निर्माण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने कराया था, जब औरंगजेब ने उसे ध्वस्त कर दिया था।
न्यूनतम मानदेय की मिलेगी गारंटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं सभी उद्योगों से भी इस संबंध में अपील करता हूं कि वे श्रमिकों और कार्मिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करें। हमारी सरकार श्रमिकों के साथ है। सरकार उद्यमियों को सुरक्षा देगी और हर श्रमिक को संरक्षण भी प्रदान करेगी। साथ ही उनकाे उचित मानदेय दिलाना सुनिश्चित करेगी। हमने गत वर्ष ही एक कॉरपोरेशन का गठन कर दिया है और इसी महीने उसकी सिफारिशें लागू होने वाली हैं। इसके तहत चाहे सफाई कर्मचारी हो या आउटसोर्सिंग पर कार्य करने वाला कोई भी युवा, उसे न्यूनतम मानदेय की गारंटी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अगले चरण में इसे औद्योगिक संस्थानों में भी लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। हमने शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों, आंगनबाड़ी और आशा वर्करों को भी 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा दी है।
इस अवसर पर केंद्र सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं उद्यमिता जयंत चौधरी, प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास कपिल देव अग्रवाल, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर, बिजनौर के सांसद चंदन चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, अध्यक्ष जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, लोक दल के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरुण पाल मालिक, सदस्य विधान परिषद वंदना वर्मा, विधायक राजपाल सिंह बालियान, मदन भैया, मिथिलेश पाल और अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीनाक्षी स्वरूप उपस्थित रहीं।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला