
गौतमबुद्धनगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन ने गौतमबुद्ध नगर जिले में तमाम कंपनियाें के मजदूराें के उग्र प्रदर्शन के बाद उत्पन्न औद्योगिक असमंजस की स्थिति के समाधान और संबंधिताें के साथ प्रभावी संवाद करने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।इस समिति ने नाेएडा पहुंच कर अपना काम भी शुरू कर दिया है। इस समिति का अध्यक्ष औद्योगिक विकास आयुक्त काे नामित किया गया है।
दरअसल, वेतन बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर गौतमबुद्ध नगर में नोएडा के सेक्टर 63, सेक्टर 62, सेक्टर 15, फेस-दो औद्योगिक क्षेत्र, सूरजपुर, नॉलेज पार्क क्षेत्र, दादरी क्षेत्र, ईकोटेक-प्रथम क्षेत्र के औद्योगिक एरिया में मजदूर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जगह पर श्रमिकों ने जाम लगाया। पुलिस और श्रमिकों के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई और श्रमिकों ने उग्र होकर पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ की तथा पुलिस की जीप पलट दी।
मजदूराें के प्रदर्शन काे लेकर राज्य सरकार तुरंत एक्शन में आई और मजदूराें और तमाम कंपनियाें के बीच समाधान का रास्ता खाेजने के लिएशासन स्तर पर एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया और समिति के सदस्याें काे तुरंत ही नाेएडा पहुंचने के निर्देश दिए गए। राज्य सरकार के
प्रवक्ता ने बताया कि औद्योगिक विकास आयुक्त, उत्तर प्रदेश काे इस उच्चस्तरीय समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में अपर मुख्य सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उत्तर प्रदेश तथा प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन विभाग, उत्तर प्रदेश को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त सदस्य सचिव के रूप में उत्तर प्रदेश (कानपुर) से नामित अधिकारी को सम्मिलित किया गया है। उन्हाेंने बताया कि इस समिति में श्रमिक संगठनों के पांच प्रतिनिधि एवं उद्यमी संघों के तीन प्रतिनिधि भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। उन्हाेंने बताया कि उक्त उच्चस्तरीय समिति जनपद गौतमबुद्ध नगर में पहुंच चुकी है। प्राथमिकता के आधार पर संबंधित प्रकरण का परीक्षण करते हुए अपनी आख्या शीघ्र ही शासन को प्रस्तुत करेगी।
जानकारी के अनुसार उग्र प्रदर्शन कर रहे मजदूराें काे नियंत्रित करने के लिए कुछ स्थानाें पर पुलिस ने बल प्रयोग करने के साथ ही आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया है। मदरसन कंपनी के पास श्रमिकों ने कई कारों में आग लगा दी। कई जगह फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ की गई। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि पुलिस हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार