(अपडेट) महाराष्ट्र के ठाणे में दो वाहनों की टक्कर में 11 लोगों की मौत, एक घायल

13 Apr 2026 18:50:53
फोटो: ठाणे में दुर्घटना ग्रस्त वाहन


मुंबई, 13 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कल्याण-अहिल्या नगर हाईवे पर रायते गांव के पास सोमवार सुबह एक सिमेंट मिक्सर वाहन और पिकअप वाहन की टक्कर में ११ लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक वृद्ध महिला घायल है। इस घटना की जांच टिटवाला पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार पिकअप वाहन में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। वाहन मुरबाड़ से कल्याण की ओर जा रहा था। सुबह 11 बजे के करीब रायते गांव के पास बने नए पुल पर पिकअप वाहन सामने से आ रहे सिमेंट मिक्सर वाहन से टकरा गया। इससे पिकअप वाहन में सवार लोग उसमें फंस गए। टिटवाला पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इनमें से ११ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध महिला घायल है। उसे मुरबाड़ सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उन्हें निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।

मृतकों में नौ लोगों पहचान हुई है, जबकि दो की पहचान के प्रयास जारी हैं। मृतकों में मुरबाड़ निवासी प्रशांत उर्फ बबलू रूपेश चंदाने (21), भूषण घोरपड़े (49), गोविंदा केम्बरी (50), अनंत पवार, दीपक गवली, गणपत जैनू माधे, स्नेहा मोहपे (22), मानसी मोहपे (20) और प्रथमेश मोहपे (17) शामिल हैं।

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि पिकअप वाहन की क्षमता सिर्फ छह यात्रियों की थी, लेकिन पिकअप वाहन में १1 लोग सवार थे। सरनाईक ने कहा कि यह घटना बहुत दुखद है, जांच में जो दोषी पाए जाएंगे, उनपर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0