प्रधानमंत्री मोदी को ट्रंप ने किया फोन, पश्चिम एशिया समेत कई मुद्दों पर की चर्चा

14 Apr 2026 22:36:53

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मंगलवार को फोन आया। दोनों नेताओं ने करीब 40 मिनट तक फोन पर अहम बातचीत की। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और क्षेत्र में शांति बहाल करने की जरूरत पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस दौरान वैश्विक स्थिरता और सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई।

इस टेलीफोन वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा करने के साथ सभी क्षेत्रों में व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया।”

उल्लेखनीय है कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध विराम से जुड़ी वार्ता विफल हो चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार/अनूप

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0