सत्ता पर 'सामंती व जातिवादी साेच हावी हाेने के कारण संविधान अपने उदृेश्य प्राप्त करने में रहा असफल : मायावती

14 Apr 2026 13:01:53
बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देतीं बसपा प्रमुख मायावती


लखनऊ,14 अप्रैल( हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आज सुबह लखनऊ स्थित बसपा केंद्रीय कैंप कार्यालय में बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि करके उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की सत्ता में 'सामंती और जातिवादी' सोच एवं शाेषणकारी तत्वों के लगातार हावी रहने के कारण बाबा साहेब का सर्वजन हितैषी संविधान अपने उदृेश्यों को प्राप्त करने में सफल नहीं हो पा रहा है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि समस्या के निदान के लिए देश व राज्यों में भी बाबा साहेब की 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' नीति व सिद्धांत वाली उनकी पार्टी बसपा की सरकार बनना जरूरी है। मायावती ने कहा कि देश में ऐसा संविधान होने के बावजूद भारत अभी तक आत्मनिर्भर व विकसित देश बनकर यहां के करोड़ों बहुजनों, जातिवादी द्वेष व जुल्म ज्यादती से मुक्त, समता और न्याय युक्त जीवन क्यों नहीं दे पाया। इसक जवाब ढूंढने पर देश में बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आम्बेडकर का 'सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति' का कारवां चुनावी सफलता हासिल करके अपनी मंजिल की ओर जरूर बढ़ेगा।

बसपा प्रमुख ने आगे कहा कि जनता में हर दुख को सह लेने की शक्ति होने का यह मतलब नहीं है कि सरकारें उन्हें गरीबी,व पिछड़ेपन आदि की अंधी खाई से निकलने और उन्हें रोजी—रोटी व न्याय युक्त आत्मसम्मान का जीवन देकर ऊपर उठाने की अपनी संवैधानिक व कानूनी उत्तरदायित्यों को सही से ना निभायें, हालांकि यह जरूरी कार्य अम्बेडकरवादी पार्टी बसपा के राज में ही ज्यादातर संभव है।

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डा. भीमराव सामाजिक परिवर्तन स्थल पर पहुंचकर अम्बेडकर स्मारक में पहुंचकर अनुयायियों ने डा. अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके लिए बसपा प्रमुख मायावती ने सभी का आभार प्रकट किया और यह यकीन दिलाया कि उनकी मेहनत यूपी में जरूर रंग लाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Powered By Sangraha 9.0