इटली ने इजराइल के साथ रक्षा समझौते का ऑटो रिन्यू रोका, बढ़ते तनाव के बीच बड़ा फैसला

14 Apr 2026 21:48:53

रोम, 14 अप्रैल (हि.स.)। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इजराइल के साथ रक्षा सहयोग समझौते के ऑटोमैटिक रिन्यूअल को रोकने का ऐलान किया है। यह फैसला लेबनान में जारी संघर्ष और इजराइली हमलों को लेकर बढ़ती अंतरराष्ट्रीय आलोचना के बीच लिया गया है।

मेलोनी ने इटली के वेरोना शहर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने इस समझौते के स्वतः नवीनीकरण को स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह समझौता दोनों देशों के बीच सैन्य उपकरण, तकनीक और रक्षा सहयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था।

उल्लेखनीय है कि यह समझौता वर्ष 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के कार्यकाल में हस्ताक्षरित हुआ था और 2006 से लागू हुआ। इसके तहत हर पांच साल में यह अपने आप नवीनीकृत हो जाता था, जिसे अब रोक दिया गया है।

इस फैसले को इटली की बदलती कूटनीतिक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय से इटली, लेबनान में इजराइल की सैन्य कार्रवाई को लेकर अधिक मुखर आलोचना कर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन हमलों में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ी है।

हालांकि, इजराइल के विदेश मंत्रालय ने इस कदम के प्रभाव को कम बताते हुए कहा कि यह समझौता केवल एक औपचारिक समझौता था और इससे उसकी सुरक्षा पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0