गैर आवासीय नेपाली नागरिकों को सालाना एक लाख करोड़ रुपये का ‘डायस्पोरा बॉन्ड’ देगी सरकार

14 Apr 2026 17:33:53
विदेश मंत्रालय


काठमांडू, 14 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल सरकार ने गैर-आवासीय नेपाली नागरिकों को विशेष प्राकृतिक निवेशक (सुप्रीम ऑर्गेनिक इन्वेस्टर) का दर्जा देते हुए बुनियादी ढांचा विकास और निर्यातमुखी उद्योगों में निवेश के लिए प्रतिवर्ष एक लाख करोड़ रुपये का 'डायस्पोरा बॉन्ड' जारी करने का प्रस्ताव रखा है।

सरकार ने राष्ट्रीय प्रतिबद्धता पत्र का मसौदा तैयार करते हुए यह प्रस्ताव पेश किया है। विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा कि सरकार के 'राष्ट्रीय प्रतिबद्धता दस्तावेज' में संवैधानिक और कानूनी व्यवस्था के माध्यम से गैर-आवासीय नेपाली की नागरिकता की निरंतरता, पैतृक संपत्ति और मतदान के अधिकार को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता भी जताई गई है।

मसौदे में कहा गया है कि ‘एक बार का नेपाली, हमेशा का नेपाली’ की अवधारणा को सुनिश्चित करते हुए विदेश में रह रहे नेपाली के ज्ञान, कौशल और अनुभव को ‘ब्रेन गेन’ के रूप में उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा डायस्पोरा की पूंजी और ज्ञान को आकर्षित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल शहर, उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र, विशिष्ट स्वास्थ्य सेवाएं, सांस्कृतिक पर्यटन आदि क्षेत्रों में परियोजनाओं का विविधीकरण किया जाएगा और उन्हें फास्ट-ट्रैक मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0