सचिवालय सुपर लीग 2026: डेंजर और सचिवालय ‘ए’ ने दर्ज की शानदार जीत, सेमीफाइनल में बनाई जगह

14 Apr 2026 17:09:53
मैन ऑफ द मैच सागर


देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। सचिवालय सुपर लीग 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में आज रोमांचक खेल देखने को मिला, जहां सचिवालय डेंजर और सचिवालय ‘ए’ ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

पहले मुकाबले में सचिवालय डेंजर का सामना स्पार्टन से हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डेंजर ने निर्धारित 20 ओवर में 157 रन बनाए। टीम के लिए फाजिल ने सर्वाधिक 38 रन की पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पार्टन की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 96 रन पर सिमट गई। सौरभ नेगी ने 36 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। गेंदबाजी में वीरेंद्र रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। डेंजर ने यह मुकाबला 61 रन से अपने नाम किया। फाजिल को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में हरिकेन और सचिवालय ‘ए’ के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरिकेन ने 7 विकेट खोकर 153 रन बनाए, जिसमें आशीष रावत ने 43 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में आशुतोष विमल और तुलसी प्रसाद पचौली ने 2-2 विकेट हासिल किए।

जवाब में सचिवालय ‘ए’ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 15 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के लिए सागर ने बेहतरीन शतक जड़ते हुए 106 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। सागर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के साथ विजेता टीमों ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0