तेहरान, 15 अप्रैल (हि.स.)। मसूद पेज़ेशकियन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ईरान को “झुकाने” की किसी भी कोशिश को नाकाम होना तय है। उन्होंने कहा कि ईरानी जनता कभी भी दबाव या जबरदस्ती के आगे नहीं झुकेगी।
एक आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान ईरानी राष्ट्रपति पेज़ेशकियन ने बिना नाम लिए अमेरिका और इजराइल की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर “दोहरी नीति” अपनाने की आलोचना करते हुए संप्रभु देशों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की भी निंदा की।
पेजेशकियन ने कहा, “किसी भी देश पर अपनी इच्छा थोपने या उसे समर्पण के लिए मजबूर करने की कोशिश असफल ही रहेगी। ईरान की जनता इस तरह के किसी भी दबाव को स्वीकार नहीं करेगी।” उन्होंने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है और ईरान, इजराइल तथा अमेरिका के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।
राष्ट्रपति ने यह भी संकेत दिया कि ईरान अपनी रक्षा क्षमताओं और आंतरिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर लगातार काम कर रहा है। उन्होंने सेवा वितरण, संचालन क्षमता और विशेष तैयारियों की समीक्षा करते हुए देश की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
यह बयान क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ईरान की सख्त रणनीतिक स्थिति को दर्शाता है। इससे यह भी संकेत मिलता है कि मौजूदा हालात में कूटनीतिक समाधान की राह और जटिल हो सकती है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय