बैडमिंटन के दिग्गज विक्टर एक्सेलसन ने लिया संन्यास, पीठ की चोट बनी वजह

15 Apr 2026 17:43:53
डेनमार्क के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसन


कोपेनहेगन, 15 अप्रैल (हि.स.)। डेनमार्क के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसन ने 32 वर्ष की उम्र में पेशेवर बैडमिंटन से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है।

दो बार के ओलंपिक और विश्व चैंपियन रहे एक्सेलसन ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी। एक्सेलसन ने अपने बयान में कहा,“आज का दिन मेरे लिए आसान नहीं है। लगातार पीठ की समस्या के कारण अब मैं उच्च स्तर पर खेल और ट्रेनिंग जारी नहीं रख सकता। इस स्थिति को स्वीकार करना बेहद कठिन रहा, लेकिन अब मेरा शरीर मुझे आगे खेलने की अनुमति नहीं देता।”

विक्टर एक्सेलसन पहली बार 2010 में चर्चा में आए थे, जब उन्होंने जूनियर विश्व चैंपियन का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने अपने करियर में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं।

उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2021 और पेरिस ओलंपिक 2024 में लगातार दो स्वर्ण पदक जीते, जबकि रियो ओलंपिक 2016 में कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा, उन्होंने 2017 और 2022 में विश्व चैंपियनशिप खिताब भी जीते।

एक्सेलसन ने 2021 से 2023 तक लगातार तीन बार बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वह तीन बार यूरोपीय चैंपियन भी रहे और 2016 में डेनमार्क को पहली बार थॉमस कप जिताने में अहम भूमिका निभाई।

पुरुष बैडमिंटन रैंकिंग में एक्सेलसन कुल 183 सप्ताह तक नंबर एक स्थान पर रहे, जो इतिहास में तीसरा सबसे लंबा समय है। उनसे आगे केवल मलेशिया के ली चोंग वेई (398 सप्ताह) और चीन के लिन डैन (211 सप्ताह) हैं।

अपने करियर को याद करते हुए एक्सेलसन ने कहा, “जब मैंने पहली बार रैकेट उठाया था, तभी मेरा सपना दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनना था। मैंने इस खेल के लिए अपना सब कुछ दिया। यह सिर्फ मेरा करियर नहीं, बल्कि मेरी जिंदगी रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने अपने सपनों से भी ज्यादा हासिल किया है। सबसे मुश्किल बात प्रतिस्पर्धा को छोड़ना नहीं, बल्कि उससे जुड़ी यादें, सफर और लोग हैं।”

गौरतलब है कि एक्सेलसन पिछले साल अक्टूबर में फ्रेंच ओपन के बाद से ही मैदान से बाहर थे। उनके संन्यास के साथ बैडमिंटन जगत के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0