तुर्किये के स्कूल में गोलीबारी, 4 की मौत, 20 घायल

15 Apr 2026 20:05:53

अंकारा, 15 अप्रैल (हि.स.)। तुर्किये के कहरामनमाराश प्रांत में एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। मृतकों में तीन छात्र और एक शिक्षक शामिल हैं।

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक यह हमला आयसर कैलिक मिडिल स्कूल में हुआ। काहरामनमाराश के गवर्नर मुकर्रम अनलूर ने बताया कि वह आठवीं कक्षा का छात्र था, जो अपने बैग में हथियार लेकर स्कूल पहुंचा और दो कक्षाओं में अंधाधुंध हथियार लेने लगा। हमले में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपित छात्र की भी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसने खुद को गोली मार ली, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

गवर्नर ने बताया कि हमलावर के पिता पूर्व पुलिस अधिकारी हैं और आशंका है कि छात्र ने हथियार वहीं से हासिल किए। बताया जा रहा है कि वह अपने साथ कई हथियार और मैगजीन लेकर स्कूल में दाखिल हुआ था।

इस बीच तुर्किये के न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। अभियोजन कार्यालय ने कई अभियोजकों की टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मीडिया पर अस्थायी प्रसारण प्रतिबंध भी लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले सिवेरेक जिले में भी एक पूर्व छात्र ने अपने पुराने स्कूल में फायरिंग की थी, जिसमें 16 लोग घायल हुए थे। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने तुर्किये में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0