बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और इसके लिए बेताब है : निर्मला सीतारमण

15 Apr 2026 17:58:53
निर्मला सीतारमण


कोलकाता, 15 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पूर्व बर्धमान से बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और इसके लिए बेताब है।

बुधवार को चुनावी दौरे पर बर्धमान पहुंचीं निर्मला सीतारमण ने कहा कि मैं देख पा रही हूं कि लोग बदलाव के लिए बेहद उत्सुक हैं। 2016 में भी मैं यहां प्रचार के लिए आई थी, लेकिन इस बार माहौल अलग है। अब लोग खुलकर अपनी समस्याएं बता रहे हैं और बेहतर प्रशासन की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भले ही लोग सीधे तौर पर सब कुछ नहीं कह रहे हों, लेकिन यह साफ संकेत दे रहे हैं कि वे मौजूदा स्थिति से संतुष्ट नहीं हैं। हमारे नेताओं को जो समर्थन मिल रहा है, वह काफी उत्साहजनक है। मुझे लगता है कि इस बार बंगाल में बदलाव जरूर आएगा।

इससे पहले भी केंद्रीय मंत्री ने संसद में तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा था। संसद में चर्चा के दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार चाय बागान के श्रमिकों के साथ अन्याय कर रही है। उनके अनुसार, राज्य के लगभग 3 लाख 79 हजार चाय श्रमिकों को सरकारी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0