राजनीतिक दल मुसलमान को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती आ रही है : ओवैसी

15 Apr 2026 15:56:53
चुनावी सभा को संबोधित करते अशुद्ध निवासी


आसनसोल, 15 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल के रेलपार इलाका स्थित इस्तेमा मैदान में बुधवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) सुप्रिमो व हैदराबाद से लाेकसभा सांसद असुरुद्दीन ओवैसी चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी दानिश अजीज समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। जैसे ही उनका हेलीकॉप्टर मैदान में उतरा, पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।

अपने संबोधन में ओवैसी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुसलमानों ने लंबे समय तक कभी कांग्रेस, कभी वामपंथी दलों और कभी ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल पर भरोसा जताया। लेकिन किसी ने उनके भरोसे को पूरी तरह नहीं निभाया और उन्हें केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया। इसके लिए कुछ हद तक मुसलमान समाज भी जिम्मेदार है, जो खुद को सिर्फ वोट बैंक बनकर रहने देता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद को एक जागरूक नागरिक के रूप में प्रस्तुत करें, तभी उन्हें न्याय, बेहतर शिक्षा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिल पाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो राजनीतिक दल मुसलमानों के साथ वही व्यवहार करते रहेंगे जैसा अब तक होता आया है।

ओवैसी ने कहा कि खासकर आसनसोल उत्तर के मतदाताओं ने अब तक सभी प्रमुख पार्टियों को देख लिया है, इसलिए एक बार एआईएमआईएम को भी मौका देना चाहिए और उनके प्रत्याशी को विजयी बनाना चाहिए, ताकि उनकी पार्टी क्षेत्र में कुछ ठोस काम कर सके।

उन्होंने अपनी पार्टी पर भाजपा की “बी टीम” वाले आरोपों को भी खारिज किया। ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी कभी भाजपा के साथ नहीं गई, जबकि ममता बनर्जी अतीत में केंद्र की अटल बिहारी बाजपेयी सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम पर लगाए जाने वाले ऐसे सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Powered By Sangraha 9.0