बीजिंग/तेहरान, 16 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच चीन और ईरान के बीच कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की।
इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्र में जारी संघर्ष, युद्धविराम और शांति वार्ताओं पर विस्तार से चर्चा की। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि संघर्ष विराम और संवाद की प्रक्रिया को बनाए रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही ईरानी जनता के मूल हितों के अनुरूप है और क्षेत्रीय व वैश्विक समुदाय की साझा अपेक्षाओं को भी दर्शाता है।
वांग यी ने विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और वैध अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस अहम समुद्री मार्ग से अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की जिम्मेदारी है।
चीन ने इस मौके पर पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वांग यी ने कहा कि उनका देश क्षेत्रीय देशों के बीच संबंधों को बेहतर बनाने और संवाद को बढ़ावा देने के लिए रचनात्मक भूमिका निभाने को तैयार है।
यह बातचीत ऐसे वक्त में हुई है, जब वैश्विक समुदाय पश्चिम एशिया में स्थायी शांति और स्थिरता की उम्मीद कर रहा है। चीन ने स्पष्ट किया है कि वह संवाद, सहयोग और कूटनीति के जरिए इस लक्ष्य को हासिल करने के प्रयास जारी रखेगा।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय