ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी चौतरफा तेजी का रुख

16 Apr 2026 09:43:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में शांति समझौता होने की बढ़ती उम्मीद के बीच ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। वहीं एशियाई बाजार में आज खरीदारी का रुख बना हुआ है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में युद्ध खत्म होने के बहुत करीब है, कह कर पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट में जोश का माहौल बना दिया। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.80 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,022.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 376.93 अंक यानी 1.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,016.02 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 48,514.27 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के कारोबार के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,559.58 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.64 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 8,274.57 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,066.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज चौतरफा खरीदारी का माहौल बना हुआ है। एशिया के सभी प्रमुख नौ बाजार के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 143 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,392.50 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 251.39 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ 36,973.53 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

निक्केई इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 1,320.76 अंक यानी 2.27 प्रतिशत उछल कर 59,455 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 115.82 अंक यानी 1.90 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,207.21 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। हैंग सेंग इंडेक्स में भी आज जबरदस्त तेजी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 414.68 अंक यानी 1.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,362 अंक के स्तर पर आ गया है।

इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.53 प्रतिशत की छलांग लगा कर 4,048.64 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.18 प्रतिशत उछल कर 7,637.07 अंक के स्तर पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,507.67 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.04 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 5,023.22 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0