बेंगलुरु, 15 अप्रैल (हि.स.)। आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) को 5 विकेट से हरा दिया। यह जीत चिन्नास्वामी स्टेडियम में लखनऊ के खिलाफ आरसीबी की पहली सफलता भी रही।
इस जीत के साथ रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। टीम ने पहले गेंदबाजी और फिर रन चेज में संतुलित प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बनाए रखी।
लखनऊ सुपर जायंट्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए मिचेल मार्श ने 40 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, जबकि मुकुल चौधरी ने 39 और आयुष बडोनी ने 38 रन बनाए। हालांकि बाकी बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में रसिख सलाम ने सबसे प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट अपने नाम किए। क्रुणाल पांड्या ने 2 और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट लिया।
रन चेज में आरसीबी ने 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट कोहली ने 34 गेंदों में 49 रन की तेज पारी खेलते हुए टीम की जीत की नींव रखी। यह पहला मौका रहा जब कोहली आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतरे और वह अपने आईपीएल करियर में पहली बार 49 रन पर आउट हुए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली है।
कप्तान रजत पाटीदार ने 27 रन और जितेश शर्मा ने 23 रन का अहम योगदान दिया। लखनऊ की ओर से प्रिंस यादव ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई।
इस जीत के साथ आरसीबी ने लगातार मजबूत प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में अपनी स्थिति को और सशक्त किया है। फिलहाल टीम पांच मैच में चार पर जीत दर्ज कर 8 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय