इजराइल और लेबनान के राष्ट्राध्यक्ष में करीब 34 साल बाद आज होगी बातचीत

16 Apr 2026 15:36:53
d17d8f0661f8f44dd7dc5110c8825246_1370025192.jpg


- ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत फिर से शुरू होने की उम्मीदें बढ़ी

तेल अवीव/वाशिंगटन/तेहरान, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य पूर्व में चल रहे तनाव और होर्मुज में अमेरिकी नाकाबंदी के बीच इजराइल और लेबनान के राष्ट्राध्यक्ष आज बातचीत करने वाले हैं। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच यह बातचीत करीब 34 साल बाद होगी। इस बीच ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष-विराम आगे बढ़ाने और तेहरान और वाशिंगटन के बीच बातचीत फिर से शुरू होने की उम्मीदें बढ़ी हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार शाम पहले ही ऐसे संकेत दे चुके थे। अब इजराइल की विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री गिला गमलियल ने पुष्टि की है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू आज लेबनान के राष्ट्रपति जनरल जोसेफ औन से बात करेंगे। इस बीच लेबनान के अल-जदीद की रिपोर्ट के अनुसार इस समय प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और अमेरिकी विदेशमंत्री मार्को रूबियो के बीच एक त्रिपक्षीय फोन कॉल आयोजित करने के प्रयास चल रहे हैं।

द टाइम्स ऑफ इजराइल, फाइनेंशियल टाइम्स और फॉक्स न्यूज के अनुसार, इजराइली मंत्री गिला गमलियल ने आर्मी रेडियो को बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू आज लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन से बात करेंगे। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री पहली बार लेबनान के राष्ट्रपति से बात करेंगे और उम्मीद है कि यह कदम, आखिरकार, समृद्धि की ओर ले जाएगा। सुरक्षा कैबिनेट की सदस्य गमलियल का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सोशल ट्रुथ पोस्ट के कुछ घंटों बाद आया है, लेकिन ट्रंप ने अपनी पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया था कि किन नेताओं के बीच बातचीत होनी है।

यही नहीं, ट्रंप की पोस्ट के बाद कई मीडिया संस्थानों ने रिपोर्ट दी कि लेबनान के एक अधिकारी ने कहा है कि उन्हें इजराइल के साथ किसी भी आगामी संपर्क के बारे में कोई जानकारी नहीं है। सनद रहे, इस सप्ताह की शुरुआत में इजराइल और लेबनान के प्रतिनिधियों ने अमेरिकी समर्थन से वाशिंगटन मुलाकात की थी। यह अब तक दोनों देशों के बीच हुई सबसे उच्च-स्तरीय बैठक थी।

इस बीच एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा कि तेहरान और वाशिंगटन ने हफ्तों से चल रही लड़ाई को खत्म करने के लिए एक समझौते की दिशा में कुछ प्रगति की है। बावजूद इसके तेहरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं सहित कई बड़े मतभेद अभी भी बने हुए हैं। इस अधिकारी ने कहा कि कल पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की तेहरान यात्रा ने कुछ क्षेत्रों में मतभेदों को कम करने में मदद की। इससे संघर्ष-विराम को आगे बढ़ाने और तेहरान और वाशिंगटन के बीच बातचीत फिर से शुरू होने की उम्मीदें बढ़ी हैं।

लेबनान में शांति की पहल के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार शाम सोशल ट्रुथ पर कहा, इजराइल और लेबनान के बीच थोड़ी राहत दिलाने की कोशिश कर रहा हूं। दोनों देशों ने लंबे समय से करीब 34 साल से आपस में बात नहीं की है। यह कल होगा। बहुत बढ़िया। सोशल ट्रुथ पर ट्रंप की यह पोस्ट उस रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें कहा गया कि इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच कुछ ही दिनों में संघर्ष विराम का ऐलान हो सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया कि लेबनान के अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों के बीच एक समझौता हो जाएगा। यह समझौता शायद संभवतः इसी हफ्ते बिंत जबील में इजराइली सैन्य अभियान खत्म होने के बाद लागू हो जाएगा। इस संघर्ष की वजह से अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत भी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। उल्लेखनीय है कि इजराइल और लेबनान के आतंकी समूह हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई अभी थमी नहीं है। इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने दक्षिणी लेबनान को लोगों को घरों को खाली करने की चेतावनी दी है।

इजराइली सेना के प्रवक्ता कर्नल अविचाई अद्राई ने एक्स पर कहा, हिजबुल्लाह की आतंकवादी गतिविधियां आईडीएफ को उसके खिलाफ कड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर रही हैं। हमले जारी हैं। इसलिए अपनी सुरक्षा के लिए घर खाली कर जहरानी नदी के उत्तर की ओर चले जाएं। एक अलग पोस्ट में आईडीएफ ने कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के कई आतंकवादियों को मार गिराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0