
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में मेजबान पीजीडीएवी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को शिवाजी कॉलेज को 175 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
इस मुकाबले के हीरो रहे यश डबास, जिन्होंने महज 51 गेंदों में 161 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 16 चौके और 15 छक्के जड़े। उनके अलावा श्रेष्ठ यादव (58) और अंकित कुमार (53) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पीजीडीएवी कॉलेज ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 332 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में शिवाजी कॉलेज की टीम 15.3 ओवर में 157 रन पर सिमट गई। शिवाजी कॉलेज की ओर से प्रियांश सिंह ने सर्वाधिक 37 रन बनाए, जबकि धैर्य मल्होत्रा ने गेंदबाजी में तीन विकेट हासिल किए।
पीजीडीएवी कॉलेज की ओर से वैभव पांडे (13 रन देकर 4 विकेट) और प्रणीत (17 रन देकर 3 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया। यश डबास को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, यह पुरस्कार डॉ. पवन डबास ने प्रदान किया।
करण सोनी का ऑलराउंड प्रदर्शन, पीजीडीएवी येलो टीम की जीत
टूर्नामेंट के एक अन्य मुकाबले में पीजीडीएवी येलो टीम ने शहीद भगत सिंह कॉलेज को 87 रनों से हराया। इस मैच में करण सोनी ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 52 गेंदों में 132 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 11 रन देकर 3 विकेट झटके।
नैतिक यादव (40) और अंश जाखड़ (3/38) ने भी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पीजीडीएवी येलो टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 265 रन बनाए। जवाब में शहीद भगत सिंह कॉलेज की टीम 19.2 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई।
पराजित टीम की ओर से वरदान सूरी ने 23 रन बनाए, जबकि अभय और शास्वत ने दो-दो विकेट हासिल किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे