
वाशिंगटन/इस्लामाबाद/तेहरान, 16 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका आज दुनिया के सामने ईरान युद्ध पर अपने अगले कदमों की घोषणा कर सकता है। पेंटागन में भारतीय समयानुसार आज शाम अहम संवाददाता सम्मेलन अमेरिका अपने भावी इरादे से विश्व समुदाय के सामने चौंकाने वाली घोषणा कर सकता है। इस बीच पाकिस्तान ने तेहरान और वाशिंगटन के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता के लिए संबंधित पक्षों से चर्चा शुरू कर दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी युद्ध के जल्द खत्म होने के संकेत दिए हैं।
सीबीएस न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी रक्षा विभाग ने बताया कि रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन गुरुवार को ईरान युद्ध पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। विभाग की एक्स पर की गई घोषणा के अनुसार, इसके सुबह 8 बजे (पूर्वी समय) यानी भारतीय समयानुसार शाम साढ़े पांच बजे शुरू होने की उम्मीद है। ईरान के साथ दो सप्ताह के संघर्ष विराम के बीच पेंटागन में होने वाले इस संवाददाता सम्मेलन को अहम माना जा रहा है।
इस बीच ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर की तैयारी पाकिस्तान ने शुरू कर दी है। पाकिस्तान के सेना प्रमुख के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने ईरान के अधिकारियों के साथ तेहरान और वाशिंगटन के बीच बातचीत के एक नए दौर की संभावना पर चर्चा की। पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख आसिम मुनीर बुधवार को तेहरान पहुंचे हैं। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी रहने को लेकर आशा व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य की बातचीत संभवतः फिर से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होगी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर ईरान के साथ संभावित समझौते को लेकर आशावादी दिखे हैं। ट्रंप ने कहा कि यह संघर्ष खत्म होने के बहुत करीब है। उन्होंने और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संकेत दिया कि अमेरिका और ईरान के बीच सीधी शांति वार्ता का नया दौर जल्द ही शुरू हो सकता है। मगर ईरानी शासन अमेरिकी सेना के इस दावे को चुनौती दे रहा है कि उसने समुद्र के रास्ते ईरान में आने-जाने वाले आर्थिक व्यापार को पूरी तरह से रोक दिया है। उसने एक बार फिर धमकी दी है कि अगर उसके बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही, तो वह मध्य-पूर्व के एक और महत्वपूर्ण जलमार्ग में आवागमन बाधित कर देगा।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को सऊदी अरब की यात्रा के दौरान सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय से गुरुवार तड़के जारी बयान में कहा गया कि शरीफ ने क्राउन प्रिंस को अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए जारी पाकिस्तान के प्रयासों की जानकारी दी और उन्हें इस्लामाबाद के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
यह मुलाकात दो घंटे से भी अधिक समय तक चली। शरीफ के साथ पाकिस्तान के विदेशमंत्री इशाक डार भी मौजूद रहे। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को ईरानी नेताओं से बातचीत करने के लिए तेहरान भेजा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद