
कोलकाता, 16 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले यहां तैनात केंद्रीय बल के 24 जवान अचानक बीमार पड़ गए, जिसके बाद गुरुवार को चुनाव आयोग ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की है। मामला कूचबिहार जिले के तुफानगंज के तल्लीगुड़ी हाई स्कूल की है, जहां ये सभी जवान ठहरे हुए थे। इस मामले में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
सीईओ कार्यालय सूत्रों के मुताबिक, बॉक्सिरहाट पुलिस स्टेशन के तहत आने वाली ग्राम पंचायत सालबारी-2 के तालीगुड़ी हाई स्कूल में तैनात ‘एड हॉक-601, सी कंपनी के 14 जवानों ने पेट दर्द और बदन दर्द की शिकायत की। उन्हें तूफानगंज उपजिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद 10 को छुट्टी दे दी गई और चार को अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।
‘एड हॉक 601, आईटीबीपी’ के मेडिकल ऑफिसर मरीजों के साथ थे। बाद में, कूचबिहार के तूफानगंज महकमा अस्पताल का दौरा किया और मरीजों से बात की।
सूत्रों के अनुसार, जवान सोमवार को असम के नागांव से कूचबिहार पहुंचे थे। माना जा रहा है कि लंबी सड़क यात्रा के दौरान डिहाइड्रेशन और ओवरहेड वॉटर टैंक के खराब पानी में पकाए गए खाने की वजह से उनकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल, चिकित्सक उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामले में वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने जिला निर्वाचन अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और इसे तत्काल जमा करने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जवान उसी स्कूल परिसर में स्वयं खाना बनाकर खा रहे थे। बुधवार सुबह से कुछ जवानों को पेट दर्द शुरू हुआ, जिसके बाद एक-एक कर कुल 14 जवान बीमार पड़ गए। कई जवानों को गंभीर पेट संबंधी समस्या होने पर तत्काल स्कूल से हटाकर तुफानगंज महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों का अनुमान है कि यह मामला खाद्य विषाक्तता का हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
आगामी 23 अप्रैल को राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर प्रथम चरण में मतदान होना है। इसे देखते हुए चुनाव आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिए बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। आयोग के निर्देशानुसार 18 अप्रैल से बलों की तैनाती शुरू कर 20 अप्रैल तक इसे पूरा किया जाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय